प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने यातायात और सीपीयू टीम के साथ रानीपुर मोड़ ज्वालापुर मार्केट तथा शिवालिक नगर क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वाहनों और जाम की समस्या को देखते हुए दुपहिया और छोटे चौपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के लिए संभावित स्थलों का चिन्हीकरण किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों से भी बातचीत कर पार्किंग के उपयुक्त विकल्पों पर चर्चा की गई। यातायात पुलिस की यह पहल शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करना और नागरिकों को बेहतर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराना है जिससे बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
