प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर 11 मार्च की रात्रि को फायर यूनिट श्रीनगर को एमडीटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पराग डेरी श्रीनगर के पास जंगल में आग लगी हुई है जो तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी फायर यूनिट के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि आग एसएसबी फायरिंग रेंज के पास जंगल क्षेत्र में लगी हुई थी और तेजी से फैलते हुए निकटवर्ती आवासीय बस्ती की ओर बढ़ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एमएफई के माध्यम से पंपिंग कार्य शुरू किया। इसके साथ ही फायर कर्मियों ने बीटिंग मेथड का उपयोग करते हुए झाड़ियों और टहनियों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। टीम के लगातार प्रयासों से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर बुझा दिया गया। फायर सर्विस टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता के कारण आग को समय रहते बुझा लिया गया जिससे पास के आवासीय क्षेत्र में संभावित बड़ी घटना होने से बचाव हो सका।
