Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड कल्जीखाल में किसान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए कृषि से जुड़ी समस्याओं सुझावों और आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया। किसान दिवस की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में कृषि उद्यान पशुपालन सहकारिता सिंचाई समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं। कृषि तकनीकों जैविक खेती बागवानी और पशुपालन से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं। कई किसानों ने मौके पर ही योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर आवेदन भी किए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि किसान दिवस के आयोजनों से किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि किसानों की समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने फसल विविधीकरण करने तथा विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका शीघ्र समाधान किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके और क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ज्येष्ठ उप प्रमुख अजय पटवाल कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी पादप सुरक्षा अधिकारी कृषि अरविंद सिंह प्रगतिशील किसान अनुज बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp