Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में सघन जांच के दौरान पुलिस ने 89.81 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने और अवैध रूप से नशीले पदार्थों की खरीद फरोख्त तथा परिवहन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर तथा क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन रमेश तनवार और विशेष जांच इकाई प्रभारी रणजीत सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच कर रही थी। जांच के दौरान दो वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन संख्या यूके 07 एपी 3513 को चला रहे यशवंत सिंह नेगी के पास से 59.39 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं वाहन संख्या यूपी 16 पीसी 0036 को चला रहे लव कुमार के पास से 30.42 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि बरामद गांजा महिपाल निवासी रतूपुरा ठाकुर मुरादाबाद के कहने पर लाया जा रहा था। यह गांजा जगत निवासी मंगरू जनपद पौड़ी गढ़वाल और रब्बू निवासी सरायखेत जनपद अल्मोड़ा से खरीदकर मुरादाबाद ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में लव कुमार पुत्र वीर सिंह निवासी छीना फार्म ढकिया गुलाबो रोड थाना काशीपुर जनपद उधम सिंह नगर तथा यशवंत सिंह नेगी पुत्र राय सिंह निवासी ग्राम सतोल थाना नंदा नगर जनपद चमोली हाल निवासी काशीपुर जनपद उधम सिंह नगर शामिल हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान हेड कांस्टेबल संदीप कुमार हेड कांस्टेबल संजय राम हेड कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह उपनिरीक्षक रणजीत सिंह तोमर कांस्टेबल गंभीर सिंह कांस्टेबल पंकज शर्मा और कांस्टेबल हरीश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp