Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सरकारी और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन संरक्षण तथा अतिक्रमण की रोकथाम एवं हटाने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों का विवरण गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम (GAMS) पोर्टल पर अपलोड करने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वास्तविक परिसंपत्तियों के सापेक्ष पोर्टल पर डाटा का शत-प्रतिशत एवं सटीक अपडेट सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक विभाग अपने अधीन आने वाली सभी सरकारी परिसंपत्तियों का पूर्ण विवरण भूमि अभिलेख और अन्य आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करें ताकि संपत्तियों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित हो और अतिक्रमण की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग को दस्तावेज उपलब्ध कराने में कठिनाई होती है तो संबंधित पटवारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के साथ समन्वय कर आवश्यक अभिलेख तैयार किए जाएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने GIS आधारित मैपिंग के माध्यम से सरकारी परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और इसके लिए GIS एक्सपर्ट की नियुक्ति शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से उक्त कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट आगामी शनिवार तक प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में उप वन संरक्षक रजत सुमन अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का अगस्त्यमुनि सुरेश शाह जखोली विजय सिंह नेगी सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp