प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं को लगातार उठाने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने वाले कर्मचारी पुष्कर सिंह चौहान को सम्मानित किया गया। पूर्व प्रमुख एवं पूर्व छात्रसंघ महासचिव डॉ.दर्शन दानू और पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनुराग चमोली ने पुष्कर सिंह चौहान को स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने छात्र हितों और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। इस मौके पर डॉ.दर्शन दानू ने कहा कि पुष्कर सिंह चौहान विश्वविद्यालय में लंबे समय से बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौहान हमेशा निःस्वार्थ भाव से छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहते हैं। विश्वविद्यालय परिसर में जब भी किसी छात्र या कर्मचारी को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह उसे गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके इसी समर्पण और मेहनत को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनुराग चमोली ने कहा कि पुष्कर सिंह चौहान विश्वविद्यालय में अपने अच्छे कार्यों और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि चौहान हमेशा छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं और उनके समाधान के लिए प्रशासन तक बात पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। सम्मान प्राप्त करने के बाद पुष्कर सिंह चौहान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी छात्रों कर्मचारियों और समाज के हित में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके छात्रों और कर्मचारियों से होती है और उनकी समस्याओं का समाधान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीप्रकाश सिंह तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के नेतृत्व में संस्थान में शिक्षा शोध और छात्र सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य हो रहे हैं जिससे विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पुष्कर सिंह चौहान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र हितों और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए पुष्कर सिंह चौहान सम्मानित
