Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्ष्मणझूला पुलिस ने मध्यप्रदेश से भटकर पहुंचे एक नाबालिग बालक को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान यह सफलता मिली। पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद की टीम को गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 12 मार्च 2026 को प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करते समय पुलिस टीम को एक नाबालिग बालक अकेले संदिग्ध स्थिति में घूमता हुआ दिखाई दिया। बालक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालक ने अपना नाम सोनू काल्पनिक नाम निवासी ब्यावरा जिला राजगढ़ मध्यप्रदेश बताया। बालक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने उसे संरक्षण में लिया और उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर तत्काल ब्यावरा थाना जिला राजगढ़ मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया। संबंधित थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक के संबंध में उसके परिजनों द्वारा 11 मार्च 2026 को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जानकारी में यह भी सामने आया कि बालक 10 मार्च 2026 की सुबह घर से अस्पताल जाने के लिए निकला था लेकिन वहां नहीं पहुंचा और घर भी वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। लक्ष्मणझूला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना पुलिस और बालक के परिजनों से संपर्क कर बालक के मिलने की सूचना दी। इसके बाद बालक की माता तथा मध्यप्रदेश पुलिस के मुख्य आरक्षी प्रेम नारायण सिंह कोतवाली लक्ष्मणझूला पहुंचे। कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस ने बालक और उसके परिजनों की काउंसलिंग करने के बाद नाबालिग को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp