Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की समस्या न हो और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आपदा कंट्रोल रूम सभागार में गैस एजेंसियों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई है उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों का तुरंत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ और लाइन न लगे इसके लिए होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन माध्यम अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस डिलीवरी का संदेश मिलने के बावजूद सिलेंडर प्राप्त नहीं होता है तो संबंधित एजेंसी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने गैस एजेंसियों में पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को उपलब्ध स्टॉक के आधार पर व्यावसायिक सिलेंडर भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को व्यापारिक प्रतिष्ठानों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी अपेक्षा की गई कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी गैस पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां के नागरिक व्यापारी होटल और ढाबा संचालक पीएनजी गैस कनेक्शन लें ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके। पीएनजी गैस प्रबंधक प्रांशु वालियान ने बताया कि घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर कनेक्शन लिया जा सकता है जबकि व्यावसायिक और औद्योगिक कनेक्शन के लिए मोबाइल नंबर 09935909486 पर संपर्क किया जा सकता है। एलपीजी से संबंधित किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01334-223999,239444 तथा मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह मुकेश भट्ट तहसीलदार सचिन कुमार स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी बीपीसीएल के अश्वनी कुमार इंडियन ऑयल के मयंक कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp