Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को एलपीजी वितरण एवं सिटी गैस वितरण संरचना परियोजना की प्रगति को लेकर समिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने गैस कंपनियों गैस एजेंसियों और पूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि जनपद में गैस आपूर्ति शासन के निर्देशों के अनुरूप आम उपभोक्ताओं को रोस्टर के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें नहीं दिखनी चाहिए और उपभोक्ताओं को सरल व सुगम तरीके से होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान एजेंसियों द्वारा बताया गया कि कंपनियों से समय पर पर्याप्त गैस लोड प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं ताकि वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिन उपभोक्ताओं की किसी कारणवश केवाईसी नहीं हो पाई है उनकी वितरण स्थल पर ही सहायता कर केवाईसी पूर्ण कराई जाए। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि जनपद में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है इसलिए किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि ढालवाला क्षेत्र के अंतर्गत कमर्शियल गैस उपभोक्ता अपनी गैस बुकिंग के लिए पीएनजी गैस हेतु आदर्श सिंह गैस सोनेट ढालवाला ऋषिकेश के कार्यालय से मोबाइल नंबर 9340583095 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने बैठक में बताया कि विगत दिवस जनपद की गैस एजेंसियों को 2378 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए जिनमें से 1967 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। वितरण के बाद एजेंसियों के पास 3846 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि कंडियालगांव नौघर कंडिखाल‌ भदूरा भरपुरियागांव धारकोट नरेंद्रनगर‌ मणगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। कमर्शियल एलपीजी के लिए जनपद को प्रतिदिन 212 सिलेंडर का आवंटन प्राप्त हो रहा है। विगत दिवस 19 किलोग्राम श्रेणी में 183 सिलेंडर प्राप्त हुए जबकि 214 सिलेंडर वितरित किए गए। एलपीजी आपूर्ति की निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल द्वारा अब तक 450 निरीक्षण किए जा चुके हैं जिनमें 14 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए हैं। शिकायत निस्तारण के लिए स्थापित कंट्रोल रूम में अब तक 87 शिकायतें दर्ज की गई हैं जिनका लगातार समाधान किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग करें और सिलेंडर होम डिलीवरी या प्वाइंट डिलीवरी के माध्यम से प्राप्त करें। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है वे शीघ्र अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर इसे पूर्ण करें। किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के नंबर 01376-234793,01376-233433,9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp