Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था जिसे सघन तलाश अभियान के बाद पकड़ा गया। 1 फरवरी 2026 को रविदास जयंती की शोभायात्रा सकुशल संपन्न होने के बाद शाम को पुरानी रंजिश के चलते आरोपी विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के ही युवक आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद आक्रोशित आनंद पक्ष के लोगों ने आरोपी पक्ष के मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी और घरों में आगजनी व तोड़फोड़ कर शांति व्यवस्था भंग कर दी थी। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए गए थे। मामले में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जबकि अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत रही। सघन खोज अभियान चलाते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 अप्रैल 2026 को ग्राम बिनारसी से वांछित आरोपी बबलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलेश कुमार पुत्र सतपाल निवासी ग्राम बिनारसी थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह उपनिरीक्षक पुनीत दनोशी कांस्टेबल विनय थपलियाल और कांस्टेबल उबैदुल्ला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp