प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में आमजन के साथ धोखाधड़ी और जबरन वसूली के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के एक रेस्टोरेंट संचालक को ब्लैकमेल करने वाले तीन आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। वादी एस.के.जैन निवासी श्रीनगर ने शिकायत दी कि अक्षत नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने उनके रेस्टोरेंट में खाने के दौरान कॉकरोच मिलने की बात कहकर वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण में 10 लाख रुपये का जुर्माना लगवाने की धमकी देकर उनकी पुत्री से 50 हजार रुपये ठग लिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर श्रीनगर में पुलिस टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप नेगी के पर्यवेक्षण और उप निरीक्षक मुकेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि अक्षत आनंद उर्फ साहिल सोहेल अख्तर और रितेश मिश्रा ने सुनियोजित साजिश के तहत 24 नवंबर 2025 को श्रीनगर स्थित ट्रॉपिकल रेस्टोरेंट में भोजन किया। इसके बाद खाने में कॉकरोच होने का वीडियो बनाकर रेस्टोरेंट को बदनाम करने फर्जी नोटिस भेजने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब ढाई लाख रुपये की मांग की गई। लगातार कॉल और संदेशों के जरिए दबाव बनाते हुए आरोपियों ने रेस्टोरेंट संचालक से रकम वसूलने की कोशिश की जिस पर परेशान होकर संचालक की पुत्री ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से सोहेल अख्तर के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस टीम ने बैंक विवरण तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर झज्जर हरियाणा से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सहअभियुक्तों ने पूछताछ में सहयोग नहीं किया जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अक्षत आनंद उर्फ साहिल निवासी बेगूसराय बिहार हाल छतरपुर दिल्ली सोहेल अख्तर निवासी हजारीबाग झारखंड हाल दिल्ली रितेश मिश्रा निवासी सरायकेला झारखंड हाल झज्जर हरियाणा पुलिस टीम उप निरीक्षक मुकेश भट्ट कांस्टेबल मुकेश सिंह कांस्टेबल सोहेब सीआईयू
पौड़ी पुलिस ने श्रीनगर में रेस्टोरेंट संचालक को ब्लैकमेल कर वसूली करने वाले 3 आरोपी हरियाणा से दबोचे
