Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम कार्यालय में शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर अधिकतम 2.5 फीट तक ही सामान रखेंगे और किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं करेंगे। सब्जी विक्रेताओं को नाली से 2.5 फीट की दूरी बनाकर दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्राहक दुकान के भीतर जाकर खरीदारी करें और सड़क पर अवरोध न हो। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ठेली और रेहड़ी संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही कारोबार करें। नियमों का पालन न करने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही डांग रोड को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश भी दिए गए। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहर को व्यवस्थित स्वच्छ और अतिक्रमणमुक्त बनाना प्राथमिकता है जिससे व्यापार भी सुचारु रूप से चलता रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल महासचिव अमित बिष्ट सहित पार्षद देवेंद्र मणि मिश्रा रमेश रमोला प्रवेश चमोली धर्म सिंह रावत सुमित बिष्ट उज्ज्वल अग्रवाल दिनेश पटवाल शुभम प्रभाकर अंजना डोभाल अंजनी भंडारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp