प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कीर्तिनगर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और रोड शो के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रसाद नैथानी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में क्षेत्र विकास के मामले में पीछे चला गया है और अब जनता इसका हिसाब मांगेगी। कीर्तिनगर बाजार में निकाले गए रोड शो में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और शक्ति प्रदर्शन किया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नैथानी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा का हर गांव आज पेयजल संकट से जूझ रहा है लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों की बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त है जिसके कारण क्षेत्र में पहले स्वीकृत योजनाएं भी अधूरी पड़ी हैं। एनसीसी अकादमी पॉलिटेक्निक आईटीआई और महाविद्यालय जैसी परियोजनाएं आज भी अधर में लटकी हुई हैं। नैथानी ने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्र में ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर “जवाबदेही यात्रा” निकालेगी और पानी की समस्या को लेकर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम असवाल रघुवीर भंडारी मोहनानंद डोभाल रामलाल नौटियाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
