Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा 2026 को सुगम सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए चमोली पुलिस ने ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण को लेकर सशक्त योजना लागू की है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस मैदान से 24 मोबाइल बाइक टीमों को सेक्टर अधिकारियों के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए यह पहल की गई है ताकि यात्रा मार्गों पर जाम की स्थिति से निपटा जा सके और कानून व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे। मोबाइल बाइक टीमें विशेष रूप से संकरे संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त करेंगी। ये टीमें यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इसके साथ ही ये टीमें यात्रियों को मार्गदर्शन देने जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। इस पहल से यात्रा मार्गों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास में वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp