Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस जन संवाद को सशक्त बनाने के लिए थाना दिवस कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को कोतवाली नरेंद्रनगर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्रनगर वरिष्ठ उप निरीक्षक चौकी प्रभारी प्लाडा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी कर्मचारी क्षेत्र के नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। थाना दिवस के दौरान उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई जो पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास को दर्शाता है। इस दौरान नरेंद्रनगर जाजल और गजा क्षेत्र के लोगों ने चारधाम यात्रा के समय सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन में बस और टैक्सी चालक स्थानीय यात्रियों को वाहन में बैठाने से मना कर देते हैं या कम दूरी के लिए भी चंबा तक का किराया वसूलते हैं। इस पर क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित बस और टैक्सी यूनियनों के साथ जल्द बैठक कर समस्या का व्यावहारिक समाधान किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। थाना दिवस में लोगों को बताया गया कि प्रत्येक माह नियमित रूप से यह आयोजन किया जाएगा जिसमें नागरिक अपनी समस्याएं निसंकोच रख सकते हैं और हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लोगों को साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे आधुनिक अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई और बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए सभी से नशा उन्मूलन अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाना दिवस केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास संवाद और सहभागिता को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp