Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम स्कूलों कॉलेजों संस्थानों और गांव-गांव पहुंचकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दे रही है। इसी क्रम में थाना सतपुली पुलिस द्वारा विधिक साक्षरता अभियान के तहत कस्बा सतपुली में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें स्थानीय महिला और पुरुषों को दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वहीं थाना रिखणीखाल क्षेत्र में ग्राम प्रहरियों व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग बढ़ते साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक इंस्टाग्राम ट्विटर और व्हाट्सएप का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन संदिग्ध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त डायल 112 मानस हेल्पलाइन 1933 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और लोगों से अपील की गई कि वे इन जानकारियों को अपने आसपास भी साझा करें ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें और नशा व साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp