Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुचारु रूप से संचालित हो रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और उच्च हिमालयी विषम परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें दिन-रात यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में जुटी हुई हैं। यात्रा के सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सोनप्रयाग गौरीकुण्ड जंगलचट्टी भीमबली छोटी लिनचोली लिनचोली रुद्रा प्वाइंट बेस कैंप केदारनाथ हेलीपैड और केदारनाथ धाम तक सुरक्षा एवं राहत बलों की व्यापक तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के 534 से अधिक कार्मिकों को तैनात किया गया है जो 24 घंटे सेवाएं दे रहे हैं। इनमें पुलिस विभाग के 224 फायर सर्विस के 11 पुलिस कम्युनिकेशन के 10 एसडीआरएफ के 43 डीडीआरएफ के 7 एनडीआरएफ के 51 होमगार्ड के 33 पीआरडी के 34 यात्री पर्यटन मित्र के 17 खच्चर टास्क फोर्स के 47 आपदा मित्र के 17 तथा वाईएमएफ के 26 कार्मिक शामिल हैं। इसके साथ ही पीएसी की 3 प्लाटून और 1 सेक्शन भी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 14 सेक्टर और सब-सेक्टर अधिकारियों की तैनाती कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में यात्रियों की सुरक्षा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करना शामिल है। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राहत और बचाव टीमें कठिन परिस्थितियों में भी सक्रिय रहते हुए जरूरतमंदों को अस्पताल हेलीपैड और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं। कई अवसरों पर ये टीमें श्रद्धालुओं के लिए मददगार साबित हो रही हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp