Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में पुलिस की तत्परता एक बार फिर जीवन रक्षक साबित हुई। देवप्रयाग क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में वाहन के अंदर फंसे चालक को पुलिस टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। 1 मई 2026 की सुबह लगभग 3:45 बजे थाना देवप्रयाग को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि देवप्रयाग से कीर्तिनगर की ओर एक सीमेंट टैंकर और पिकअप वाहन के बीच दुर्घटना हो गई है जिसमें पिकअप चालक अंदर फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी भल्लेगांव से उप निरीक्षक योगेंद्र शर्मा हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और होमगार्ड रमेश तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर महिंद्रा पिकअप वाहन आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मोड़ पर खड़ा मिला जबकि सीमेंट टैंकर कुछ दूरी पर ऋषिकेश की ओर खड़ा था। पिकअप चालक वकील पुत्र मोहम्मद उमर निवासी डढेरा फाटक रुड़की जनपद हरिद्वार उम्र करीब 50 वर्ष वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। पुलिस टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए दूसरे वाहन की मदद से पिकअप की खिड़की खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद उसके साथी अजर के साथ 112 एम्बुलेंस के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय श्रीनगर जनपद पौड़ी गढ़वाल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन सब्जियां लेकर ज्वालापुर से गुप्तकाशी जा रहा था जबकि सीमेंट टैंकर कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। टिहरी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक योगेंद्र शर्मा हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और होमगार्ड रमेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp