Spread the love

प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अग्निशमन केंद्र रुड़की की टीम ने सनातन धर्मप्रकाश चंद इंटर कॉलेज रुड़की में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षिकाओं और छात्राओं को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग एलपीजी सिलेंडर लीक होने पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपातकालीन स्थिति में बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। अग्निशमन टीम ने छात्राओं को बताया कि घर विद्यालय या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर छोटी सी लापरवाही बड़ी अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में प्राथमिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने की जानकारी होना बेहद जरूरी है। टीम ने एलपीजी सिलेंडर लीक होने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता से कार्य करने गैस रेगुलेटर बंद करने बिजली के उपकरणों का प्रयोग न करने और तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यह भी बताया गया कि यदि आग तेजी से फैल जाए तो तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देनी चाहिए। टीम ने छात्राओं को अग्निकांड और भूकंप जैसी आपात स्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए इसकी भी जानकारी दी। साथ ही प्राथमिक उपचार के जरूरी उपायों से भी अवगत कराया गया। अग्निशमन कर्मियों ने विद्यालय परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया। छात्राओं और शिक्षिकाओं को उपकरणों को चलाने का तरीका समझाया गया ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं उनका उपयोग कर सकें। इस दौरान आग बुझाने वाले यंत्रों के संचालन सुरक्षा उपायों और बचाव प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया गया। कार्यक्रम में टीम ने कहा कि छात्राएं समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता और प्रशिक्षण से न केवल जनहानि रोकी जा सकती है बल्कि राष्ट्र की संपत्ति को भी नुकसान से बचाया जा सकता है। विद्यालय प्रशासन से यह भी अनुरोध किया गया कि परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखा जाए तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाए जिससे छात्राओं और स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास मिलता रहे। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन ने अग्निशमन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति नई चेतना पैदा करते हैं और छात्राओं को आत्मविश्वासी बनाने में मददगार साबित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp