Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए टिहरी गढ़वाल पुलिस लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी श्वेता चौबे के सख्त निर्देश पर मुनिकीरेती क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रा मार्गों और सार्वजनिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में थाना मुनिकीरेती पुलिस ने नगर पालिका मुनिकीरेती के सहयोग से क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को बाधारहित बनाए रखना तथा यात्रा मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना रहा। अभियान के दौरान त्रिहारी कैलाश गेट मधुबन तिराहा और खाड़ा स्रोत पार्किंग सहित मुनिकीरेती क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। सड़क किनारे ठेली फड़ और फेरी लगाकर अतिक्रमण करने वाले लोगों को मौके पर सख्त चेतावनी दी गई और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए। पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान ऐसे लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जो उचित कारण प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस एक्ट के तहत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस द्वारा आगे भी इसी प्रकार के अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp