Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन कर उनकी समस्याएं सुनीं और भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। सहायक श्रम आयुक्त हरिद्वार प्रशांत कुमार ने बताया कि उनके साथ श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट और अनिल कुमार पुरोहित ने सिडकुल स्थित कंपनी में श्रमिकों के साथ भोजन किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी हरिद्वार श्रम आयुक्त और उप श्रम आयुक्त हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया। भोजन के दौरान अधिकारियों ने कैन्टीन में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और श्रमिकों से उनके कार्य वातावरण के संबंध में चर्चा की। सहायक श्रम आयुक्त ने कहा कि भविष्य में चरणबद्ध तरीके से सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे। इन निरीक्षणों के दौरान श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही भोजन की गुणवत्ता की भी नियमित जांच की जाएगी। उन्होंने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि वेतन या अन्य किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे लिखित रूप में श्रम कार्यालय रोशनाबाद में प्रस्तुत करें। श्रम विभाग के अनुसार वर्तमान में सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में औद्योगिक शांति बनी हुई है और सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp