Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रुद्रप्रयाग प्रेमबल्लभ सती की अध्यक्षता में पूर्ति विभाग की टीम ने रुद्रप्रयाग-जवाड़ी बाईपास से सुमेरपुर तक होटल ढाबों और रेस्टोरेंटों में सघन औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाया गया। जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जब्त किए गए सिलेंडरों को नियमानुसार हरियाली देवी गैस सर्विस रुद्रप्रयाग के सुपुर्द कर दिया गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रेमबल्लभ सती ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और विभाग लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जनपद में आगे भी औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने होटल ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए कि वे केवल वैध व्यावसायिक गैस कनेक्शन का ही उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान में पूर्ति निरीक्षक चंद्रमोहन बारमोला हिमांशु रावत कैलाश पुरी सूरज माणिक चंद्र सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp