Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस विभाग में 18 वर्ष 5 माह से अधिक समय तक सेवा देकर जनसेवा में योगदान देने वाले भूतपूर्व सैनिक टीकाराम अधिवर्षता आयु पूर्ण करने के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में उनके सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। टीकाराम भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने के बाद वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक पुलिस विभाग में कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। विदाई समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीकाराम के साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। कार्यक्रम में उनके परिजन विशेष रूप से उनके बच्चे भी शामिल हुए। इस दौरान बच्चों ने पुलिस विभाग में अपने पिता की सेवा को यादगार बताते हुए उनके त्याग समर्पण और सेवा काल के दौरान सामने आई चुनौतियों एवं संघर्षों को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। सहयोगी कर्मचारियों ने टीकाराम के साथ बिताए अच्छे और कठिन समय को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। जलपान के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने टीकाराम को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग सेवानिवृत्ति के बाद भी अपने पूर्व कर्मियों के साथ खड़ा है और भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर विभाग हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। कार्यक्रम का समापन टीकाराम के सम्मान में शुभकामनाओं और उनके उज्ज्वल स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp