Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री व श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने मरीजों और तीमारदारों की सुविधा हेतु बहुमंजिला पार्किंग निर्माण तथा विद्युत स्टोर एवं कक्ष निर्माण कार्यों का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार ट्रामा सेंटर स्थापना और पलायन रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर उत्तरकाशी और कौड़ियाला में अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि ट्रामा सेंटर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय जनता के लिए भी जीवनरक्षक साबित होंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ.धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और वर्तमान में प्रस्तावित योजनाओं को भी मिलकर धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि पलायन रोकना आज राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से अत्यंत आवश्यक हो गया है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में परिसीमन के चलते पर्वतीय क्षेत्रों की सीटें कम हो सकती हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से पलायन रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई और युवाओं से तंबाकू एवं नशे से दूर रहने की अपील की। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर को स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 400 नाली जीवीके भूमि पर मेडिकल कॉलेज का विस्तार किया जाएगा। साथ ही मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए 100 कमरों वाला आधुनिक रेन बसेरा भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए लगातार नई योजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है। डॉ.रावत ने बेस अस्पताल में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास हेतु स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति तथा घर-घर गैस पाइपलाइन योजना का लाभ भी जल्द जनता को मिलेगा। कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने स्वास्थ्य मंत्री एवं शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल की उपलब्धियों तथा प्रस्तावित स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के सर्वांगीण विकास में प्रदेश सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल जितेंद्र रावत दीपक उनियाल सहित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp