Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस विभाग में चार दशक से अधिक समय तक उत्कृष्ट और समर्पित सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर चमोली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट को शॉल स्मृति चिन्ह प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बिष्ट के 40 वर्षों से अधिक के समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन ईमानदारी और व्यवहार कुशलता से विभाग में एक अलग पहचान बनाई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरीश सिंह बिष्ट का कार्यकाल विभाग के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में यदि उन्हें विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या हो तो विभाग उनकी हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट ने 1 फरवरी 1986 को पुलिस विभाग में फायरमैन के पद पर अपनी सेवा शुरू की थी। अपने उत्कृष्ट कार्य अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर वर्ष 2017 में उन्हें अग्निशमन द्वितीय अधिकारी तथा वर्ष 2025 में मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया। अपने 40 वर्षों से अधिक के लंबे सेवाकाल में उन्होंने नैनीताल कानपुर अल्मोड़ा ऊधमसिंहनगर चम्पावत और चमोली सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान को सम्मान दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में अपने संबोधन के दौरान गिरीश सिंह बिष्ट भावुक नजर आए। उन्होंने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग विश्वास और अपनत्व के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। अपने सरल स्वभाव मृदुभाषी व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले गिरीश सिंह बिष्ट अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। विभाग में दी गई उनकी सेवाएं आने वाले समय में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। विदाई समारोह में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत रेडियो निरीक्षक मनीष कन्नौजिया सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp