Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने पर चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। समय रहते पुलिस की मदद मिलने से श्रद्धालु को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जिससे उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को संतोष विश्वकर्मा (63 वर्ष) निवासी रानीपुर हरिद्वार अपने एक साथी के साथ श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान जब वे चौकी भ्यूंडार के समीप पहुंचे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई जिससे उनके साथ मौजूद व्यक्ति घबरा गए। संकट की इस घड़ी में श्रद्धालु के साथी ने चौकी भ्यूंडार में तैनात होमगार्ड जवान जयदीप से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही होमगार्ड जवान ने बिना समय गंवाए आरटी सेट के माध्यम से चौकी घांघरिया को स्थिति से अवगत कराया। सूचना प्राप्त होते ही चौकी घांघरिया से कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह तथा अन्य पुलिस कर्मी तत्काल पिट्टू की व्यवस्था कर चौकी भ्यूंडार पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बीमार श्रद्धालु को सुरक्षित पिट्टू पर बैठाया और प्राथमिक उपचार के लिए गोविन्दघाट डिस्पेंसरी पहुंचाया। डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान बताया गया कि श्रद्धालु को हृदयाघात का झटका पड़ा है और उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाना आवश्यक है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वहां ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल महेन्द्र सिंह एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बिना किसी विलंब के श्रद्धालु को एम्बुलेंस तक पहुंचाया और आगे उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रवाना किया। चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई समन्वय और संवेदनशीलता के कारण गंभीर स्थिति में पहुंचे श्रद्धालु को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकी। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि यात्रा मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं बल्कि जरूरत पड़ने पर जीवनरक्षक की भूमिका भी निभा रहे हैं। चमोली पुलिस ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित मदद उपलब्ध कराने के लिए पुलिस के जवान चौबीसों घंटे मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp