Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त तत्वावधान में सीमांत नीति घाटी में आयोजित होने वाले नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026 का शनिवार को भव्य शुभारम्भ हुआ। 31 मई और 1 जून तक आयोजित होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना तथा सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। यह आयोजन राज्य सरकार की वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज अवधारणा को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारम्भ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों को फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर गृह सचिव शैलेश बगोली पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस प्रतिष्ठित अल्ट्रा रन में 75 किलोमीटर 42 किलोमीटर 21 किलोमीटर 10 किलोमीटर तथा 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में देशभर से आए पेशेवर और शौकिया धावक भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को नीति घाटी की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता रोमांचकारी ट्रैक और स्थानीय संस्कृति को नजदीक से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चमोली पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में आयोजन स्थल रनिंग रूट संवेदनशील स्थानों और प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीमांत नीति घाटी के दुर्गम और विषम भौगोलिक क्षेत्रों में भी पुलिस कर्मी मुस्तैदी के साथ तैनात रहकर प्रतिभागियों पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने प्रतिभागियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह तैयार है। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026 के शुभारम्भ से पहले सभी प्रतिभागियों अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया। भारत-तिब्बत सीमा से सटी नीति घाटी से दिए गए इस संदेश के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार जोशी जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा नगर पालिका गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह प्रतियोगिता न केवल साहसिक पर्यटन को नई पहचान देगी बल्कि सीमांत नीति घाटी की प्राकृतिक सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp