Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्रा के दौरान एक यात्री को गोली मारने की घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी और टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ा जो गोलीबारी की घटना में बदल गया। 1 जून 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। क्षेत्राधिकारी नगर तथा फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप 6 से 7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत हरियाणा को गोली मार दी। घायल अजय को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी जगजीतपुर कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर फरार चल रहे आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार निवासी शांतिपुरम कॉलोनी जगजीतपुर हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी जगजीतपुर तथा वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता निवासी फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर को भी उनके संभावित ठिकानों से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp