Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी मानसून सीजन एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध रहे जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस विभाग और एआरटीओ को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पीपलकोटी हाथीपहाड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर अनाधिकृत पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा बाइक सवार यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति और यातायात नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। ऐसे मामलों में नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से बाइकर्स की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में होटल रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट का अनिवार्य प्रदर्शन सुनिश्चित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नियमित सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने श्री बद्रीनाथ धाम एवं पैदल यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी यात्रा मजिस्ट्रेट श्री बद्रीनाथ तीरथ पाल सिंह अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp