Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में पर्यटन मार्ग कोटी कॉलोनी से डोबरा तक प्रस्तावित मोटर मार्ग परियोजना के अंतर्गत यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा परियोजना से जुड़ी प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती ने अवगत कराया कि कोटी कॉलोनी से डोबरा तक 15.77 किलोमीटर लंबी मोटर मार्ग परियोजना पर विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यवाही गतिमान है तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता के.एन.सेमवाल ने बताया कि पेयजल लाइनों के शिफ्टिंग कार्य के लिए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा तथा आगामी 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज ने अवगत कराया कि मार्ग निर्माण के दौरान प्रभावित होने वाले हैंडपंपों के संबंध में शिफ्टिंग की मांग प्रस्तावित की जानी है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में स्थित हैंडपंपों का विधिवत आकलन कर उन्हें हटाने एवं शिफ्ट करने अथवा आवश्यकता अनुसार नए हैंडपंप स्थापित करने के लिए पृथक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 15 जून तक संयुक्त निरीक्षण एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं तथा परियोजना के प्रथम 10 किलोमीटर क्षेत्र में कार्य प्रारंभ करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो तथा विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य संपादित करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती जल निगम के अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज टाडा से नवीन नेगी यूपीसीएल से अमित रूसिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp