Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच 05 वर्षीय बालिका अदिति अपने माता-पिता से बिछड़ गई। भीड़ में अकेली और घबराई हुई बालिका को देखकर नीलकंठ पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे अपने संरक्षण में लिया और सुरक्षित चौकी लाकर उसकी देखभाल की। बालिका से प्राप्त सीमित जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। मंदिर परिसर पार्किंग क्षेत्र एवं आसपास के स्थानों पर लगातार उद्घोषणाएं कराई गईं तथा पुलिस कर्मियों ने स्वयं भी सक्रिय रूप से खोजबीन की। पुलिस की सतर्कता संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुछ ही समय में बालिका के माता-पिता का पता लगा लिया गया। इसके बाद बालिका अदिति को सकुशल उसके माता-पिता निवासी मुजफ्फरनगर के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी पुत्री को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उन्होंने पौड़ी पुलिस की तत्परता संवेदनशीलता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp