Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मेला नियंत्रण भवन के सभागार में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हरिद्वार ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक धार्मिक व्यापारिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने आगामी कुंभ मेले को भव्य दिव्य सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक को संबोधित करते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन की सफलता के लिए सभी विभागों स्थानीय निकायों धार्मिक संस्थाओं सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का समन्वित सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि परामर्शदात्री समिति और स्थानीय हितधारकों से प्राप्त सुझाव प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। स्थानीय लोगों को क्षेत्र की भौगोलिक सामाजिक और व्यावहारिक परिस्थितियों की बेहतर जानकारी होती है इसलिए उनके सुझावों को योजनाओं में शामिल कर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। मेलाधिकारी ने बताया कि पूरे कुंभ क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण घाटों के विकास पैदल मार्गों के निर्माण प्रकाश व्यवस्था पेयजल आपूर्ति स्वच्छता प्रबंधन और पार्किंग स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों और स्थलों पर संकेतक बोर्ड सूचना केंद्र और डिजिटल सूचना प्रणालियां विकसित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इसके लिए आधुनिक तकनीक डिजिटल मॉनिटरिंग सीसीटीवी नेटवर्क और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा रही है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों के सुझावों के आधार पर यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवहारिक रणनीति भी तैयार की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि अस्थायी आवास शौचालय पेयजल स्वास्थ्य सेवाएं सहायता केंद्र विश्राम स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित सुविधाजनक और सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो। बैठक में स्वच्छ एवं सुंदर कुंभ क्षेत्र के निर्माण पर भी जोर दिया गया। घाटों मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के साथ अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माणों पर नियंत्रण के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मेलाधिकारी ने हरित हरिद्वार अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कुंभ मेला 2027 को पर्यावरण अनुकूल और हरित स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन जिला प्रशासन और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्थानीय नागरिकों स्वयंसेवी संस्थाओं आश्रमों शिक्षण संस्थानों और धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें हजारों पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यातायात प्रबंधन पार्किंग व्यवस्था घाटों की सुरक्षा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार स्वच्छता व्यवस्था स्थानीय लोगों की भागीदारी और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने से संबंधित सुझाव दिए। मेला प्रशासन ने इन सुझावों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण जिलाधिकारी मयूर दीक्षित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ) आयुष अग्रवाल नगर आयुक्त नंदन कुमार एसपी सिटी अभय सिंह मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज कुमार वर्मा अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह उप निदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp