Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने चारधाम यात्रा मार्ग पर तैनात सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुचारु यातायात व्यवस्था प्रभावी पार्किंग प्रबंधन दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को यात्रा अवधि में पूरी सतर्कता जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में एसएसपी ने निर्देशित किया कि मालवाहक वाहनों का संचालन केवल रात्रिकाल में किया जाए ताकि यात्रा मार्गों पर यातायात का दबाव कम रहे और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। तेज गति से वाहन चलाने लापरवाही बरतने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को एल्कोमीटर के माध्यम से नियमित चेकिंग अभियान चलाने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाकर यातायात बाधित न होने देने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और उनकी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि भूस्खलन सड़क अवरोध या किसी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। यात्रा मार्गों पर तैनात पुलिस बल को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया। बैठक में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यात्रा एवं यातायात संबंधी अद्यतन सूचनाओं का नियमित प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें फैलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि टिहरी पुलिस का संकल्प है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित सुगम और सुखद यात्रा अनुभव मिले। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें प्रशासन का सहयोग करें तथा सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp