Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे एवं उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली रानीपुर में 1 जून 2026 को राहुल निवासी ग्राम जमालपुर खुर्द रानीपुर द्वारा ऑनलाइन ई-एफआईआर के माध्यम से सूचना दी गई थी कि 26 मई 2026 को उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सूर्यांश पैकेजिंग फैक्ट्री के औद्योगिक क्षेत्र से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इसके अलावा 2 जून 2026 को आकाश निवासी महादेव पुरम फेस-2 थाना सिडकुल तथा कामरान निवासी मोहल्ला कोटरवान ज्वालापुर ने भी ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें क्रमशः 20 मई और 24 मई 2026 को स्वर्ण जयंती पार्क गेट के पास से चोरी हो गई थीं। शिकायतों के आधार पर रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी और पतारसी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 2 जून 2026 की रात औद्योगिक क्षेत्र चौराहे पर चेकिंग के दौरान विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चार स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि उसने बहादराबाद क्षेत्र के पंतजलि क्षेत्र से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। जांच में संबंधित मामले के पंजीकृत होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी वाहन चोरी के 21 मामले दर्ज हैं जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम झबरपुर थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार। बरामदगी 4 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल वीर सिंह कांस्टेबल मंजीत राणा कांस्टेबल प्रेम सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp