Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान का उद्देश्य चारधाम यात्रा-2026 एवं आगामी कांवड़ मेले को सुचारू सुरक्षित एवं सुगम ढंग से संचालित करना तथा यातायात व्यवस्था को बाधित होने से बचाना है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सरकारी भूमि सड़क फुटपाथ एवं नालियों पर अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा पूर्व में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सुगम आवागमन एवं जाम की स्थिति से बचाव के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) से देवपुरा चौक तक तथा उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में हरकी पैड़ी से वाल्मीकि चौक तक अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 120 से अधिक अतिक्रमण हटाए। नालियों एवं फुटपाथ पर बनाए गए अस्थाई ढांचे खोखे एवं अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी कि भविष्य में नालियों अथवा फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का सामान या निर्माण सामग्री रखने पर उसे जब्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण की स्थिति में कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में सिटी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी उप नगर आयुक्त महेंद्र यादव सफाई निरीक्षक धीरेन्द्र सेमवाल मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। इसी क्रम में रुड़की तहसील क्षेत्र में मंगलौर से कोर कॉलेज एवं धनौरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभियान चलाया गया जिसमें लगभग 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा 20 से अधिक झुग्गियों को ध्वस्त किया गया। लक्सर क्षेत्र में खानपुर से संबंधित मार्ग पर अतिक्रमण हटाया गया जहां 25 से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त किए गए तथा 05 व्यक्तियों के चालान भी किए गए। वहीं भगवानपुर क्षेत्र में खानपुर अंडरपास से रायपुर पेट्रोल पंप तक अभियान चलाया गया जिसमें लगभग 30 लोगों का सामान जब्त किया गया तथा 09 चालान करते हुए 17,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp