Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय की मौजूदगी में सिडकुल बहादराबाद स्थित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल तीन पैकेज्ड पेयजल निर्माण इकाइयों की जांच की गई जहां से हरिद्वार जनपद के साथ-साथ चारधाम यात्रा मार्गों पर भी पेयजल की आपूर्ति की जाती है। टीम ने एक लीटर की पैक्ड पानी की दो बोतलों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा। जांच के दौरान तीनों इकाइयों में कई अनियमितताएं सामने आईं। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए भारतीय मानक ब्यूरो (आईएस 14543) के अनुरूप जल गुणवत्ता रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा लॉट नंबर से संबंधित प्रयोगशाला रिपोर्ट इन-हाउस टेस्टिंग रिकॉर्ड तथा प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड और माइग्रेशन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इन कमियों के चलते तीनों इकाइयों को फॉसकॉस पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी किए गए। एक इकाई में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन और गंदगी पाए जाने पर तीन दिन के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 26 मई 2026 को हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महादेव ढाबा के पास इंग्लिश वाइन शॉप परिसर में संचालित सरकारी कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान लगभग साढ़े चार किलोग्राम बासी और दुर्गंधयुक्त उबले काले चने पाए गए जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही पानी की जांच रिपोर्ट कर्मचारियों के मेडिकल और वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत 2 जून 2026 को न्यायालय में वाद दायर किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों रेस्टोरेंट ढाबों तथा डेयरियों का निरीक्षण किया गया। कुल नौ प्रतिष्ठानों की जांच में दो को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए नोटिस जारी किए गए जबकि एक खाद्य कारोबारी के खिलाफ बिना लाइसेंस संचालन करने पर चालान की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि चारधाम यात्रा-2026 के दौरान जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp