Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा सहायता एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में खोई हुई बहुमूल्य संपत्ति एवं मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित स्वामियों को वापस सौंपकर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। 14 जून 2026 को कैम्पटी फॉल घूमने आई जयपुर राजस्थान निवासी एक प्रोफेसर ने पुलिस को सूचना दी कि स्नान के दौरान उनका डायमंड पेंडेंट झरने के पानी में गिरकर खो गया है। पेंडेंट की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई। सूचना मिलते ही कोतवाली कैम्पटी की एचपीयू शाखा में तैनात कांस्टेबल जसवीर सिंह एवं कांस्टेबल सागर तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय व्यापारियों तथा कैम्पटी फॉल पर कार्यरत लोगों के सहयोग से खोजबीन शुरू की। पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीमित एवं विश्वसनीय स्थानीय लोगों की सहायता से फॉल क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। लगातार प्रयासों के बाद पर्यटक का बहुमूल्य डायमंड पेंडेंट झरने के पानी से बरामद कर सुरक्षित रूप से उसकी स्वामिनी को सुपुर्द कर दिया गया। इसी दौरान कैम्पटी फॉल में एक अन्य पर्यटक का मोबाइल फोन भी पानी में गिरकर खो गया था जिसकी सूचना कोतवाली कैम्पटी में प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान उक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर उसके स्वामी को वापस सौंप दिया गया। अपनी बहुमूल्य संपत्ति और मोबाइल फोन वापस पाकर संबंधित पर्यटकों ने कैम्पटी पुलिस की तत्परता ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी पुलिस के इस जनहितकारी कार्य की प्रशंसा की। टिहरी पुलिस ने कहा कि पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा सहायता और विश्वास बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनसेवा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। पुलिस टीम: कांस्टेबल जसवीर सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp