Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि महिमानन्द जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार द्वारा नेशनल स्ट्रीट वेंडर एसोसिएशन के सहयोग से रुड़की नगर निगम क्षेत्र के स्ट्रीट फूड वेंडरों रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों के लिए फास्टटेक (FOSTAC) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होटल प्रीफर्ड रामपुर तिराहा के निकट किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। नेशनल स्ट्रीट वेंडर एसोसिएशन के राजीव उपाध्याय ने प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने खाद्य अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने तथा भोजन तैयार करने और परोसने में स्वच्छ जल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा भोजन परोसने के लिए अखबारी कागज का उपयोग न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट फूड वेंडरों रेस्टोरेंट संचालकों एवं अन्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक बनाकर उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp