Spread the love

प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार 05 जून 2026 को हिमांशु पुत्र राजीव निवासी देवबंद ने अज्ञात बदमाशों द्वारा उनकी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 लूटकर ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने जनपद तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 296 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही स्थानीय अपराधियों की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की गई। लगातार की गई मेहनत और सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर 16 जून 2026 को पुलिस टीम ने सर्वानंद घाट हरिद्वार क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष पुत्र महावीर निवासी ग्राम डोसीनी थाना लक्सर जनपद हरिद्वार तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ग्राम ढंढेरा थाना सिविल लाइन रुड़की जनपद हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी: लूटी हुई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल। पुलिस टीम: उपनिरीक्षक कमल कांत रतूड़ी कांस्टेबल रणवीर कांस्टेबल रोशन कांस्टेबल दिनेश तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp