Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संभागीय परिवहन कार्यालय संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग गढ़वाल मंडल तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागीय परिवहन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मुख्य द्वार पर शिकायत पेटी स्थापित करने तथा अभिलेखों और पंजिकाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित मामलों नगर क्षेत्र एवं चारधाम यात्रा मार्ग की पार्किंग व्यवस्था धारी देवी क्षेत्र में पार्किंग प्रबंधन तथा चालान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो तथा पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। आयुक्त ने जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा डुंगरी में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से भी बातचीत कर विभागीय व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इसके बाद संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डाक एवं उपस्थिति पंजिकाओं का अवलोकन किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय भवन की मरम्मत एवं अनुरक्षण संबंधी प्रस्ताव निदेशालय को भेजने पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित रूप से बंधवाने शिकायत पेटी स्थापित करने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को उपलब्ध कराई जा रही पौध एवं बीज वितरण की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रगति चार्ट तथा गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अनुपयोगी एवं खराब सामग्री की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रभारी अपर निदेशक कृषि को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंडल मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक के अनुपस्थित पाए जाने तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या लेकर आए एक कृषक की सुनवाई न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में उन्होंने प्रधान सहायक तथा सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अपर निदेशक कृषि की नियमित उपस्थिति न होने के कारण विभागीय वाहन एवं चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्य आवंटन बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा कार्यालय अभिलेखों का निरीक्षण किया। फसल बीमा योजना से संबंधित पुराना सूचना पट्ट प्रदर्शित पाए जाने पर उसे तत्काल अद्यतन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे एआरटीओ एन.के.ओझा संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण कार्यालय के प्रधान सहायक कुलदीप राणा अपर निदेशक कृषि कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद नौटियाल मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुमन नेगी वैयक्तिक सहायक आयुक्त राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp