Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में बूथ स्तर पर कार्यरत कार्मिकों द्वारा मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील नैनबाग की बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी ने अपने-अपने बूथों पर उल्लेखनीय कार्य करते हुए निर्धारित समय से पूर्व गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय घराडा के शेडो एरिया बूथ (भाग संख्या-14) पर कुल 351 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ दीपा ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया तथा बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने 8 जून से 14 जून 2026 तक मात्र सात दिनों में अपने बूथ से संबंधित सभी ऑफलाइन और ऑनलाइन कार्य पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया। इसी प्रकार राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरोड़ (भाग संख्या-03) पर कुल 139 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ सुमन देवी ने सभी 139 गणना प्रपत्रों का वितरण करने के साथ ही 139 प्रपत्रों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने 8 जून से 15 जून 2026 तक मात्र आठ दिनों में अपने बूथ का समस्त ऑफलाइन एवं ऑनलाइन कार्य पूर्ण कर कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया। दोनों बीएलओ ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के कार्यों को समयबद्ध ढंग से संपन्न किया। उनके अथक परिश्रम लगन और प्रतिबद्धता से कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी द्वारा किए गए सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका समर्पण और कार्यनिष्ठा अन्य बूथ स्तरीय अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी बीएलओ से अपेक्षा की कि वे भी इसी प्रकार जिम्मेदारी और तत्परता के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp