प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कुल 18 प्रकरणों पर चर्चा की गई। समिति द्वारा परीक्षण के उपरांत एक प्रकरण की संस्तुति की गई। वहीं सात प्रकरणों में आवश्यक अभिलेख एवं सूचनाएं अपूर्ण पाए जाने पर उन्हें अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज एवं सूचनाएं संलग्न कर प्रकरणों को पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि आगामी बैठक में उन पर निर्णय लिया जा सके। इसके अतिरिक्त 10 प्रकरण शासनादेशों में निर्धारित मानकों एवं प्रावधानों के अनुरूप न पाए जाने के कारण अस्वीकृत किए गए। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की तथा शासनादेशों के अनुरूप आवश्यक निर्णय लिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों के निस्तारण में निर्धारित मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता उपजिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत समिति के सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
