Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय वरिष्ठ अधिकारियों का दल शुक्रवार को रुद्रप्रयाग भ्रमण पर पहुंचा। दल में सहायक निदेशक गौरी एस.तथा वरिष्ठ वीडियो संपादक रंजीत श्रीवास्तव भी शामिल रहे। भ्रमण का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित गतिविधियों का स्थलीय अवलोकन निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रमों की समीक्षा तथा मीडिया एवं संचार रणनीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रलेखन करना था। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग पहुंचकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण डिजिटाइजेशन कार्य तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद आयोग के अधिकारियों ने गुप्तकाशी स्थित डॉ.जैक्स विन नेशनल स्कूल में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए निर्वाचन साक्षरता लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व तथा युवा मतदाताओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि आज के छात्र ही कल के जागरूक मतदाता हैं इसलिए उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही निर्वाचन प्रक्रिया की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई नेट ऐप की उपयोगिता उसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित प्रतिभागियों से आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अनुसरण करने तथा ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करने की अपील की ताकि निर्वाचन संबंधी अद्यतन जानकारी समय-समय पर प्राप्त होती रहे। भ्रमण के अगले चरण में अधिकारियों ने बूथ संख्या-52 नाला का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों के साथ एसआईआर कार्यों के प्रलेखन और मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या-52 की बीएलओ विनीता देवी तथा बूथ संख्या-53 की बीएलओ पुष्पा देवी ने गणना प्रपत्रों के वितरण संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। आयोग के अधिकारियों ने दोनों बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा रहा है तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सहयोग करने और बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *