Spread the love

प्रदीप कुमार
जखोली/श्रीनगर गढ़वाल। 39 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद आईटीबीपी के इंस्पेक्टर ग्राम जखोली लस्या निवासी रघुवीर सिंह नेगी के 39 वर्षों की दीर्घ गौरवशाली एवं अनुकरणीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर उनके पैतृक गांव जखोली में परिजनों ने भव्य विदाई सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया है। इस अवसर पर ग्राम जखोली में उनके सम्मान में भव्य गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया जिसमें ग्रामीणों व क्षेत्रीय जनता के साथ परिजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रदीप थपलियाल ब्लाक प्रमुख विनीता चमोली कनिष्ठ प्रमुख राजेन्द्र सिंह रावत सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शिव सिंह रावत पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष सुबे.महावीर नेगी पूर्व प्रधान विजेंद्र सिंह मेवाड़ प्रधान नरेन्द्र सिंह चौहान सूरजन सिंह राणा गजेन्द्र सिंह चौहान आदि ने उन्हें माल्यार्पण शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिन्ह पुष्पगुच्छ एवं फूलमालाओं से सम्मानित किया। समारोह में उन्हें उपस्थित जनसमूह ने उनके अनुशासित नेतृत्व कर्तव्यनिष्ठा एवं देश सेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अपने 39 वर्षीय सेवाकाल में इंस्पेक्टर रघुवीर सिंह नेगी ने ईमानदारी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने सभी दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। वे दूरदर्शी नेतृत्व सख्त अनुशासन प्रभावशाली कार्यशैली एवं अधीनस्थों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए विशेष रूप से पहचाने गए। उनके नेतृत्व में यूनिट ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित कीं तथा बेहतर समन्वय अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति स्थापित की। उन्होंने पूरी लगन निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा दी। उनका सरल स्वभाव व्यवहार कुशलता‌ कर्मठता एवं कर्तव्यपरायणता उन्हें सभी के बीच विशेष सम्मान दिलाता है। इस अवसर पर सभी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद गांव व क्षेत्र में उनका अनुभव मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व क्षेत्रीय लोगों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। समारोह में सभी ने उनके स्वस्थ सुखद दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की। स्वागत समारोह में जखोली सहित विभिन्न गांवों के लोग एवं स्थानीय जनता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp