Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोटद्वार में सेवा समर्पण और मानवता का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। रोटरी क्लब कोटद्वार के स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आधारशिला रक्तदान समूह के सहयोग से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में पौड़ी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। एम्स ऋषिकेश की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस दौरान थाना कोटद्वार पुलिस के अधिकारियों कर्मचारियों तथा होमगार्ड जवानों ने भी रक्तदान कर यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है बल्कि मानव जीवन की रक्षा और समाज सेवा के लिए भी सदैव तत्पर रहती है। शिविर में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशि भूषण जोशी चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक विनोद चपराना सहित अन्य पुलिसकर्मियों एवं होमगार्ड के कुल 12 जवानों ने रक्तदान किया। सभी ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय योगदान बताते हुए आमजन से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किया गया यह पुनीत कार्य समाज के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता जनसेवा के प्रति समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है। रक्तदान शिविर के माध्यम से पौड़ी पुलिस ने स्वस्थ जीवन सामाजिक सहयोग और मानव सेवा का संदेश देते हुए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया तथा अधिक से अधिक लोगों से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp