Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी श्रावण मास कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने लक्ष्मणझूला से नीलकंठ महादेव तक का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना और दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन पार्किंग व्यवस्था सुरक्षा पेयजल विद्युत आपूर्ति स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाएं आपदा प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सावन कांवड़ मेला आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़ यात्री शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर्याप्त संख्या में चिकित्सा दलों की तैनाती तथा आवश्यक उपकरणों और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp