प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से माल्टा मार्का देशी शराब के पाउच और टैट्रा पैक बरामद किए। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने 21 अगस्त को कार्रवाई करते हुए रवि निवासी ग्राम खुब्बनपुर लतीफपुर भगवानपुर और आकाश उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम रायपुर भगवानपुर को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। पुलिस के अनुसार रवि के कब्जे से माल्टा मार्का देशी शराब के 45 पाउच बरामद किए गए जबकि आकाश के कब्जे से माल्टा मार्का देशी शराब के 54 टैट्रा पैक बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल गीतम हेड कांस्टेबल संजीव कांस्टेबल संजय पंवार और कांस्टेबल संजय नेगी शामिल रहे।
