Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के बच्छणचयू काण्डई स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल परिसर में ग्रामीण विकास लघु एवं सूक्ष्म-मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्राम उद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ गढ़वाली बोली में जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। जनसंवाद के दौरान कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं की समस्याओं सुझावों और आजीविका से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी सशक्त कर रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा अन्य लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। भरत सिंह चौधरी ने बच्छणचयू क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जलवायु कीवी उत्पादन और बांस प्लांटेशन के लिए अत्यंत अनुकूल है। यदि स्थानीय स्तर पर इन क्षेत्रों में संगठित रूप से कार्य किया जाए तो यह क्षेत्र रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि आधारित उद्यमों और ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक सरकार द्वारा लगभग पांच लाख स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए ऋण सहायता प्रदान की जा चुकी है जिससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनते जा रहे हैं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। कार्यक्रम के दौरान तीन महिलाओं को लक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। सूचना विभाग की टीम ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम का संचालन पिंटू भंडारी ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट पशुपालन अधिकारी डॉ.रचना थपलियाल जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह वाचस्पति सेमवाल सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp