Spread the love

प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित नशामुक्त भारत पखवाड़ा के समापन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कोतवाली कीर्तिनगर में स्कूली बच्चों के लिए नशे के विरुद्ध चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सृजनात्मक कला के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिनगर की छात्रा डौली द्वितीय स्थान मानसी तथा तृतीय स्थान शैम्फोर्ड स्कूल के छात्र इशान ने प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य सभी बच्चों को भी उत्साहवर्धन के लिए सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्हें नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ सुरक्षित एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कोतवाली कीर्तिनगर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर टिहरी पुलिस ने संदेश दिया कि नशे से दूरी जीवन से दोस्ती अपनाकर प्रत्येक नागरिक नशामुक्त उत्तराखंड और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp