Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नगर पालिका परिषद पौड़ी के सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। लीड बैंक प्रबंधक किशन सिंह नेगी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को न्यूनतम दस्तावेजों के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंक पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर ऋण अदायगी करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे उन्हें योजना की आगामी ऋण किश्तों तथा अन्य सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा। सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि पुनर्गठित योजना एवं स्वनिधि से समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक से 30 जून तक सभी निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तीन नए ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को अधिक से अधिक क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने उनकी प्रोफाइलिंग करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित बैंक अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरल प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सर्वाधिक ऋण वितरित करने वाले बैंकों तथा योजना का सफलतापूर्वक लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने वाले फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सचिव देवेंद्र सिंह रावत कोषाध्यक्ष दिलवर सिंह भंडारी नगर पालिका परिषद के सभासद अरविंद रावत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से चंद्रशेखर बड़ोनी सामुदायिक संगठनकर्ता इंदु उप्रेती सहित बैंक अधिकारी एवं फड़-फेरी व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp